गोरखपुर पुलिस ने लेडी डॉन अंशिका सिंह के फरार बॉयफ्रेंड बंटी वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 20 जनवरी को रंगदारी न मिलने पर अंशिका ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ड्राइवर को गोली मार दी थी. जेल में बंद अंशिका अब अन्य कैदियों को भोजपुरी गानों पर डांस सिखाकर मनोरंजन कर रही है. उस पर ब्लैकमेलिंग के जरिए 150 लोगों को ठगने का आरोप है.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में लेडी डॉन के नाम से कुख्यात अंशिका सिंह गैंग के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. कैंट पुलिस ने सोमवार को अंशिका के बॉयफ्रेंड और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आकाश उर्फ बंटी वर्मा को नंदानगर रेलवे लाइन के पास से धर दबोचा. बंटी उस गोलीकांड में शामिल था, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी. घटना की शुरुआत 20 जनवरी को हुई थी, जो इत्तेफाक से अंशिका सिंह का जन्मदिन भी था.