
Uttam Nagar Double Murder: राजधानी दिल्ली के द्वारका जिले से रिश्तों के कत्ल की एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. उत्तम नगर इलाके में एक ही फ्लैट के भीतर दो सगे भाइयों, देवेंद्र कुमार (50) और अमित (48) के शव मिलने से हड़कंप मच गया था. पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक देवेंद्र के बेटे ईश्वर को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया. यह हत्या किसी रंजिश में नहीं, बल्कि लाखों रुपये के लालच में की गई थी.
पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक देवेंद्र ईएसआईसी (ESIC) में कार्यरत थे. उनके पीएफ (PF) खाते में लगभग 50 लाख रुपये की मोटी रकम जमा थी. देवेंद्र अक्सर घर में यह चर्चा करते थे कि उनकी मृत्यु के बाद यह बड़ी धनराशि और अनुकंपा के आधार पर उनकी सरकारी नौकरी बेटे ईश्वर को मिल जाएगी. बस यही बात ईश्वर के दिमाग में घर कर गई.
वो जल्द से जल्द उस 50 लाख रुपये की रकम का मालिक बनना चाहता था और सरकारी कुर्सी पर बैठना चाहता था. उसे लगा कि पिता और चाचा के रहते वो इन सब सुविधाओं काआनंद नहीं ले पाएगा, इसलिए उसने दोनों को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली. ये सब खुद आरोपी बेटे ईश्वर ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है.
ये भी पढ़ें: सोनम रघुवंशी जैसी सोच धार की प्रियंका भी कुछ ऐसी ही निकली, प्रेमी के लिए पति को मरवा डाला; रूह कंपा देगी ये कहानी
शराब, मारपीट और वारदात
3 अप्रैल की रात ईश्वर ने अपने पिता और चाचा के साथ शराब पी. नशे की हालत में उसने जानबूझकर झगड़ा शुरू किया. विवाद इतना बढ़ा कि ईश्वर ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर बाहर से कोई गहरे जख्म नहीं थे, लेकिन अंदरूनी चोटें इतनी गंभीर थीं कि दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया. अगले दिन जब मकान मालिक और पड़ोसियों को संदेह हुआ, तो कमरे के अंदर देवेंद्र और अमित की लाशें मिलीं, जबकि आरोपी ईश्वर वहां से फरार हो चुका था.
पुलिस की कार्रवाई
द्वारका डीसीपी कुशल पाल सिंह और एसीपी संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी ईश्वर को दबोच लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि संपत्ति और नौकरी के लालच में उसने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके.
💬 Comments (0)
Leave a Comment