
Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराजगंज में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गोलीकांड हो गया. प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान के प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह को उनके ही गांव के एक युवक विजय पाल ने रंजिश के चलते तमंचे से गोली मार दी. गोली अलमारी से टकराकर प्रिंसिपल के पेट में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में घायल प्रिंसिपल को पहले CHC मलिहाबाद ले जाया गया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया.
घटना की जानकारी देते हुए प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह निवासी जुगराजगंज ने बताया कि वे ऑफिस में बैठे थे, तभी विजय पाल वैगन आर कार से स्कूल के सामने आकर रुका. असलहा लहराता हुआ वह सीधे ऑफिस में घुस गया. प्रिंसिपल जब कुर्सी से उठकर अलमारी के पीछे छिप गए तो आरोपी ने फायर कर दिया. गोली अलमारी से टकराकर प्रिंसिपल के पेट में लग गई.
दूसरा फायर करने जा रहा था आरोपी, तभी..
गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल के शिक्षक और पड़ोसी दौड़कर ऑफिस पहुंच गए. आरोपी विजय पाल दूसरा फायर करने जा रहा था, तभी शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन विजय पाल धमकियां देते हुए छुड़ाकर भाग निकला और वैगन आर कार से फरार हो गया.
स्कूल में मौजूद थे 150 बच्चे
फायरिंग की आवाज सुनकर स्कूल में पढ़ रहे करीब 150 बच्चों में डर गए. बच्चे चीखते-चिल्लाते स्कूल से बाहर भागने लगे. मौके पर मौजूद शिक्षकों जगदीश कुमार, रमेश कुमार, कंचन, मानसी और अमित कुमार ने किसी तरह बच्चों को संभाला और नियंत्रित किया. घायल अनिल कुमार सिंह को तुरंत CHC मलिहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
रहीमाबाद इंस्पेक्टर ने दी जानकारी
मामले को लेकर रहीमाबाद थाने के इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगनायक ने बताया कि प्रिंसिपल की तहरीर पर रंजिश, संबंधों और लेन-देन के विवाद को लेकर हत्या के इरादे से गोली चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी विजय पाल की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
💬 Comments (0)
Leave a Comment