गर्मियों के मौसम में बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए लोग कूलर, एसी और पंखे का अधिक इस्तेमाल करते हैं। लेकिन सबसे बड़ी समस्या उन लोगों के लिए हो जाती है जिनके पास एसी या कूलर नहीं होते। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन जाती है। हालांकि, आपको घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि गांव के लोग आज भी अपने घरों को ठंडा रखने के लिए कई पारंपरिक और देसी उपाय अपनाते हैं, जो काफी असरदार होते हैं। आइए जानते हैं:

घर को बिना बिजली के रखें ठंडा, अपनाएं ये 7 देसी तरीके
घर को बिना बिजली के रखें ठंडा, अपनाएं ये 7 देसी तरीके

1 छत/आंगन में पानी छिड़कना
छत और आंगन पर पानी छिड़कना गर्मियों में घर को ठंडा रखने का एक बेहद आसान, सस्ता और असरदार देसी तरीका है। छत पर शाम को पानी डालने से गर्मी बाहर निकलती है, जिससे रात में कमरा ठंडा रहता है। इसके साथ ही आंगन में भी पानी छिड़कने से घर का तापमान कम होता है।

2 घास या मिट्टी की परत
गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान से बचने के लिए आप छत पर घास या मिट्टी की परत बिछा सकते हैं। दरअसल, यह परत सूरज की गर्मी को सीधे घर में आने से रोकती है, जिससे तापमान सही रहता है। कई जगहों पर लोग टाट या बोरी का इस्तेमाल करते हैं और अधिक गर्मी पड़ने पर पानी भी डालते हैं। यह परत इंसुलेशन की तरह काम करती है, सूरज की तेज गर्मी को सीधे छत के अंदर आने से रोकती है। ऐसे में आप भी अपने छत पर मिट्टी की परत या घास बिछा सकते हैं।

3 खस लगाना
गांव में लोग लंबे समय से खस यानी वेटिवर की लगाई जाती आ रही है। इसमें खिड़कियों और दरवाजों पर खस की बनी चटाइयां लगाई जाती हैं, जिन्हें समयसमय पर पानी से गीला रखा जाता है। बाहर की गर्म हवा जब इन गीली चटाइयों पर पड़ती है तो उसका असर कम हो जाता है। इससे वातावरण थोड़ा ठंडा रहता है। ऐसे में आप भी अपने घरों में खस की चटाइयां लगवा सकते हैं।

4 पेंट का रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में घर की दीवारों पर हमेशा हल्के रंग का इस्तेमाल करना चाहिए। गांव में गर्मी से बचने के लिए दीवारों और छत पर सफेद चूना लगाया जाता है। इससे सूरज की रोशनी रिफ्लेक्ट होती है, जिससे अंदर गर्मी कम आती है।

5 पेड़पौधे
घर के आसपास पेड़पौधे लगाना गर्मियों में घर को ठंडा रखने का एक प्रभावी और प्राकृतिक तरीका है। गांवों में लोग सदियों से इस उपाय को अपनाते आ रहे हैं। खासकर नीम, पीपल और बरगद जैसे बड़े और घने पेड़ आसपास लगाते हैं। ये पौधे छाया देने के साथ ही गर्म हवाओं को रोकते हैं, जिससे वातावरण ठंडा रहता है। मनी प्लांट, एलोवेरा और एरेका पाम जैसे इनडोर प्लांट घर के अंदर तापमान को संतुलित रखने में मदद करते हैं।

6 दोपहर में करें ये काम
दोपहर के समय तापमान बढ़ जाता है, जिसके चलते गर्मी ज्यादा लगती है। ऐसे में जब धूप खिड़कियों और दरवाजों पर पड़ती है तो वह सीधे अंदर आती है, जिससे कमरा अधिक गर्म हो जाता है। ऐसे में दोपहर के समय खिड़कियों और दरवाजों पर मोटे पर्दे का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे बाहर की गर्म हवा और धूप सीधे घर के अंदर नहीं आती, जिससे तापमान कम रहता है।

7 रात में खोल दें खिड़की दरवाजे
जब शाम के समय तापमान कम हो जाता है तो उस दौरान घर की खिड़कियों और दरवाजों को खोल देना चाहिए। ऐसा करने से क्रॉस वेंटिलेशन बनेगा, जिससे गर्म हवा बाहर निकल जाती है और ताजी हवा अंदर आती है। इसके अलावा सुबह 4 से 6 बजे के बीच खिड़कियों और दरवाजों को खोल दें।

ऐसे में इन आसान तरीकों को अपनाकर आप अपने घर के तापमान को गर्मी के मौसम में संतुलित कर सकते हैं।