हापुड़ में एक सनकी प्रेमी ने तांत्रिक क्रिया के चक्कर में अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक लड़की की जलती हुई खोपड़ी श्मशान से चुरा ली. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में श्मशान घाट से जलती चिता की खोपड़ी चोरी करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह घटना किसी आपराधिक सनक या अंधविश्वास का नतीजा थी. आरोप है कि एकतरफा प्रेम और तांत्रिक क्रिया के चक्कर में एक युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया.
क्या है पूरा मामला?
घटना मोहल्ला सोटावाली निवासी 16 वर्षीय शुभांशु के अंतिम संस्कार से जुड़ी है, जिसकी गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी. परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार लोधीपुर श्मशान घाट में किया था. चिता जलने के बाद परिजन घर लौट गए थे, लेकिन कुछ समय बाद जब वे दोबारा श्मशान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि चिता से सिर गायब है. यह देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
कैसे खुला राज?
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज में मोपेड पर सवार तीन संदिग्ध लोग श्मशान घाट से निकलते हुए दिखाई दिए. इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
क्या बोली पुलिस?
सीओ वरुण मिश्रा के अनुसार, मुख्य आरोपी अमान एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उसे पाने के लिए वह तंत्र-मंत्र का सहारा ले रहा था. आरोप है कि अमान ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर संभल निवासी तांत्रिक अवधेश शर्मा से संपर्क किया. तांत्रिक ने कथित रूप से उसे जलती चिता से इंसान की खोपड़ी लाने को कहा था.
क्यों रची गई खौफनाक योजना?
तांत्रिक ने अमान को विश्वास दिलाया था कि इस खोपड़ी से वह ऐसा वशीकरण तैयार करेगा, जिससे युवती और उसका पूरा परिवार उसके वश में आ जाएगा. इसी अंधविश्वास के चलते अमान ने श्मशान घाट से खोपड़ी चोरी की और उसे तांत्रिक को सौंपने की कोशिश की.
तलाशी के दौरान क्या-क्या मिला?
तलाशी के दौरान तांत्रिक के ठिकाने से तंत्र-मंत्र से जुड़ी कई संदिग्ध और आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुई हैं. इसके अलावा लगभग 50 महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें भी मिलीं, जिन पर कथित तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस गिरोह ने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया.
💬 Comments (0)
Leave a Comment