हिमाचली खबर: Sultanpur Crime News: यूपी के सुल्तानपुर जिले में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां घर में अकेली सो रही एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई. घटना जिले के बंधुआ कला थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव की है.

बेटे-बहू से मिलने गया था पति… घर पर बुजुर्ग पत्नी की हो गई हत्या, सुल्तानपुर में सनसनीखेज वारदात​
बेटे-बहू से मिलने गया था पति… घर पर बुजुर्ग पत्नी की हो गई हत्या, सुल्तानपुर में सनसनीखेज वारदात​

गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह की पत्नी विमलेश देवी घर में अकेली रहती थीं. बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले चंद्रशेखर सिंह अपने बेटे और बहू से मिलने पंजाब गए हुए थे. इसी दौरान शनिवार रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर विमलेश देवी की बेरहमी से हत्या कर दी.

बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए बदमाश

घटना की जानकारी उस समय हुई जब महिला के एक रिश्तेदार ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी कि विमलेश देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है और हत्यारे बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. स्थानीय थाना पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक चारु निगम मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. शुरुआती जांच में घर से चोरी या लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, जिससे मामला संदिग्ध बना है.

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि मृतका के पति से बातचीत की गई है, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की रंजिश होने से इनकार किया है. फिलहाल मामले के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम समेत पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.