‘लोअर-टीशर्ट नहीं पहनोगी’… गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या की, फिर पति ने फांसी लगाकर दी जान

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पति ने पहले अपनी गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या की और इसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक तौर पर मामला दोहरे आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट और मोबाइल चैट ने घटना की असली वजह सामने ला दी.

पुलिस के अनुसार, बेलघाट क्षेत्र के मुकारीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय शादाब ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी निकहत निशा की हत्या की. निकहत मुंबई में पली-बढ़ी थी और गर्भवती थी. दोनों ने परिवार की सहमति से 7 नवंबर 2025 को निकाह किया था. शादी के बाद निकहत गांव में रह रही थी, लेकिन आधुनिक जीवनशैली और पहनावे को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था.

वॉट्सऐप मैसेज से खुला राज

जांच में दोनों के मोबाइल फोन से मिले वॉट्सऐप संदेशों में इस तनाव के संकेत मिले. चैट के अनुसार, निकहत ने पति से शिकायत की थी कि वह उसे कहीं घुमाने नहीं ले जाता और उसके लिए खरीदारी भी नहीं करता. इसके जवाब में शादाब ने लिखा था कि उनकी बिरादरी की महिलाएं इस तरह के कपड़े नहीं पहनतीं और यदि साथ रहना है तो उसे घर में लोअर और टी-शर्ट जैसे कपड़े पहनना बंद करना होगा.

पंखे से लटक रहा था शादाब का शव

परिजनों के मुताबिक, घटना से एक शाम पहले दोनों उदास थे, लेकिन उन्होंने किसी से विवाद की वजह साझा नहीं की. अगले दिन सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार ने खिड़की से देखा कि शादाब का शव पंखे से लटका हुआ था, जबकि निकहत का शव बिस्तर पर पड़ा था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

निकहत की गला दबाकर हत्या की

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निकहत की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई. वहीं शादाब की मौत फांसी लगाने से हुई. पुलिस ने बताया कि वैवाहिक तनाव, बेरोजगारी और जीवनशैली को लेकर मतभेद इस घटना की मुख्य वजह के रूप में सामने आए हैं. मामले की जांच पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.