‘पापा को सब बता दूंगी…’, छोटी बहन ने बॉयफ्रेंड संग रंगेहाथों पकड़ा, बौखलाई दीदी ने जान से मार डाला

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और मानवता को शर्मसार कर दिया है. मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में हुई 11 वर्षीय मासूम अनुष्का की संदिग्ध मौत का मामला अब एक सोची-समझी साजिश और क्रूर हत्याकांड निकला है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि अनुष्का की अपनी सगी बड़ी बहन और उसका प्रेमी है.

पुलिस जांच के अनुसार, मृतका की 18 वर्षीय बड़ी बहन काजल का प्रेम प्रसंग पड़ोसी गांव के शिवम (20 वर्ष) के साथ चल रहा था. दोनों की मुलाकात करीब दो महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी. होली के आसपास काजल के पिता को इस रिश्ते की भनक लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने विरोध करते हुए काजल का मोबाइल तोड़ दिया था और उसे शिवम से दूर रहने की सख्त हिदायत दी थी. लेकिन काजल चोरी-छिपे शिवम से संपर्क में बनी रही.

आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था मासूम ने

घटना वाले दिन अनुष्का अन्य बच्चों के साथ खेत में मेंथा की रोपाई करने गई थी. इसी दौरान काजल और शिवम पास के ही एक खेत में छिपकर मिल रहे थे. बदकिस्मती से अनुष्का वहां पहुंच गई और उसने अपनी बड़ी बहन को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. मासूम अनुष्का ने काजल से कहा कि वह घर जाकर पिता को सब कुछ सच-सच बता देगी.

राज खुलने के डर से घोंटा सगी बहन का गला

अपना राज खुलने और पिता के गुस्से के डर से काजल और शिवम ने मिलकर एक खौफनाक फैसला लिया. दोनों ने मिलकर 11 साल की अनुष्का की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद काजल ने शातिर अपराधी की तरह व्यवहार किया. उसने घर जाकर अनुष्का के लापता होने का नाटक किया और खुद को निर्दोष दिखाने के लिए पुलिस को गुमराह करने वाले बयान भी दिए.

24 घंटे में पुलिस ने बेनकाब की साजिश

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें काजल पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोने और अनजान बनने का नाटक कर रही है. हालांकि, पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास नजर आया. कड़ाई से पूछताछ करने पर काजल और उसके प्रेमी शिवम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. गांव के लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक बड़ी बहन अपने ही प्रेम संबंध को बचाने के लिए अपनी मासूम छोटी बहन की जान ले सकती है.