Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. काजीपुर थाना क्षेत्र के असाधरपुर गांव में एक पति ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से कांटा हटाने के लिए अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर डाली. आरोपी पति वारदात के बाद अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया, पीछे छोड़ गया तो बस अपनी पत्नी की लाश और दो मासूम बच्चे, जो अपनी मां के शव से लिपटकर रात भर रोते रहे.

यह पूरी कहानी बेवफाई और क्रूरता की पराकाष्ठा है. जानकारी के अनुसार, आरोपी सुमन कुमार का काफी समय से एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. शनिवार की रात सुमन अपनी सारी मर्यादाएं लांघ गया और अपनी प्रेमिका को सीधे अपने घर ले आया. घर में सुमन की पत्नी गुंजा देवी मौजूद थी. अपनी आंखों के सामने पति को किसी दूसरी महिला के साथ हाथों में हाथ डाले देख गुंजा के पैरों तले जमीन खिसक गई.
जब गुंजा ने इस बात का विरोध किया और पति से सवाल पूछे, कि ये औरत कौन है. इसे यहां क्यों लाए हो? तो सुमन ने उसे चुप कराने के लिए मारपीट शुरू कर दी. घर के अंदर मचे इस घमासान ने अंततः एक जघन्य अपराध का रूप ले लिया.
मदद की गुहार बनी मौत की वजह
विवाद बढ़ता देख गुंजा ने हिम्मत जुटाई और रात के अंधेरे में ही अपने मायके वालों को फोन कर पूरी आपबीती सुनाई. उसने बताया कि कैसे उसका पति एक पराई औरत को घर ले आया है और उसके साथ बदसलूकी कर रहा है. गुंजा का अपने परिवार को सूचित करना सुमन को नागवार गुजरा. उसे लगा कि अब समाज और ससुराल में उसकी पोल खुल जाएगी.
इसी डर और गुस्से में आकर सुमन ने गुंजा को हमेशा के लिए खामोश करने की साजिश रच डाली. आरोप है कि उसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर गुंजा का गला घोंट दिया. हत्या के बाद आरोपी पति अपनी प्रेमिका का हाथ थामकर मौके से फरार हो गया, यह भी नहीं सोचा कि घर में मौजूद उसके दो मासूम बच्चों का क्या होगा.
सुबह का खौफनाक मंजर: मां की लाश से लिपटे थे बच्चे
रविवार सुबह जब काफी देर तक सुमन के घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ. जब लोग घर के करीब पहुंचे, तो उन्हें बच्चों के बिलखने की आवाजें सुनाई दीं. अंदर का नजारा देख ग्रामीणों की रूह कांप गई. कमरे में जमीन पर गुंजा का बेजान शरीर पड़ा था और उसके दोनों छोटे बच्चे अपनी मां को उठाने की कोशिश करते हुए रो रहे थे. बच्चों को यह तक नहीं पता था कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही.
5 साल पहले शुरू हुआ था सफर, मौत पर हुआ खत्म
मृतका के पिता रामेश्वर पासवान का रोरोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि 5 साल पहले उन्होंने धूमधाम से गुंजा की शादी सुमन से की थी. उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी को इस तरह अपनी जान गंवानी पड़ेगी. गुंजा अपने पीछे जो दो बच्चे छोड़ गई है, उनके भविष्य पर अब अंधकार छा गया है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही काजीपुर थाना प्रभारी विजय प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका की गर्दन पर रस्सी के निशान मिले हैं, जो गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि करते हैं.
पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी सुमन और उसकी प्रेमिका की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
💬 Comments (0)
Leave a Comment