
Bihar Crime News: अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, वह कानून की नजरों से बचने के लिए कोई न कोई सुराग पीछे छोड़ ही जाता है. राजधानी के सिटी इलाके में हुई 10 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. महज बकरी के चंद बालों ने पुलिस को उस कातिल के दरवाजे तक पहुंचा दिया, जिसने साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश की थी. घटना राजधानी के बाईपास थाना क्षेत्र के जल्ला महावीर मंदिर के पास की है.
23 अप्रैल को एक संकरी गली में कचरे के ढेर के पास एक कंबल में लिपटा हुआ मासूम का शव बरामद हुआ था. 10 साल की यह बच्ची दूध लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था और पुलिस पर मामले के खुलासे का दबाव बना हुआ था.
बकरी के बाल ने दिया बड़ा सुराग
पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच के दौरान पुलिस की नजर उस कंबल पर पड़ी जिसमें शव को लपेटा गया था. बारीकी से जांच करने पर उस कंबल में बकरी के बाल चिपके हुए मिले. पुलिस को अंदेशा हुआ कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति आसपास ही रहता है और उसके पास बकरियां हो सकती हैं.
पसीने से तरबतर कमरे में मिला आरोपी
पुलिस ने जब गली की तलाशी शुरू की, तो एक कमरे के बाहर 4-5 बकरियां बंधी मिलीं. उस कमरे पर बाहर से ताला लटका था. संदेह होने पर जब पुलिस ने ताला तुड़वाया, तो अंदर आरोपी रंजीत छिपा हुआ मिला. पुलिस को चकमा देने के लिए उसने बाहर से ताला लगवाया था और खुद अंदर बिना पंखे के बैठा था, जिससे वह पसीने से नहाया हुआ था. वह खिड़की से पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रख रहा था.
ये भी पढ़ें: जहां जलती हैं चिताएं, वहां सजा मंडप दूल्हा-दुल्हन ने लिए 7 फेरे; श्मशान में शादी देख भड़के लोग
वारदात की खौफनाक कहानी
कड़ाई से पूछताछ करने पर रंजीत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह गलत नीयत से मासूम को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया था. जब बच्ची चिल्लाने लगी, तो उसने कमरे में रखे लोढ़े (सिलबट्टे का पत्थर) से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
गश्ती पुलिस के डर से गली में फेंका शव
आरोपी ने शव को दिन भर अपने बेड के नीचे छिपाए रखा. रात करीब 2 बजे वह शव को कंबल में लपेटकर पास के तालाब में फेंकने निकला था. लेकिन रास्ते में पुलिस की गश्ती गाड़ी को देखकर वह घबरा गया और शव को बीच रास्ते में कचरे के ढेर के पास फेंककर भाग निकला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस खुलासे के बाद पुलिस की सूझबूझ की सराहना हो रही है.
💬 Comments (0)
Leave a Comment