ग्लैमर की दुनिया छोड़ भक्ति का रास्ता चुनने वालों में एक और एक्ट्रेस का नाम जुड़ गया है। एकता कपूर के सीरियल में काम कर चुकीं एक्ट्रेस आना जयसिंघानी एक्टिंग छोड़ वृंदावन बस गई हैं। उनका कहना है कि प्रेमानंद महाराज उनके सपने में आए थे और इसके बाद सब बदल गया।

आना वृंदावन में रहकर पूरी तरह कृष्ण भक्ति में लीन हो चुकी है और एक सादा जीवन जी रही हैं। यूट्यूब चैनल मेरो वृंदावन पर बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें महसूस हुआ कि भौतिक संसार एक माया है और सच्चा शांति का मार्ग केवल श्रीकृष्ण के नामस्मरण में है।
ग्वालियर की रहने वाली आना ने अपना नाम भी बदल लिया है, उनका नया नाम आना परी हरिवंशी है। उनको बचपन से ही एक्टिंग और डांस का शौक था और इन्हें पूरा करने के लिए वो मुंबई आई थीं। साल 2011 में उन्होंने फ्रीलांस कोरियोग्राफर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। इस दौरान उन्हें सलमान खान सहित कई बड़े नामों के साथ काम करने का मौका भी मिला।
धीरेधीरे उन्होंने एक्टिंग की तरफ रुख किया और बालाजी टेलीफिल्म्स से एक्टिंग का अनुभव लिया और फिर ‘सावधान इंडिया’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे शोज में काम किया। उन्हें टीवी सीरियल ‘देखा एक ख्वाब’ से उन्हें पहचान मिली। यह शो उनके करियर के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
कैसे बनीं कृष्ण भक्त?
एक्टिंग के दौरान उनकी जिंदगी में एक आध्यात्मिक मोड़ आया। मुंबई में उनकी कुछ सहेलियां थीं जो इस्कॉन मंदिर जाया करती थीं, जिनके साथ वह भी जुड़ गईं। धीरेधीरे उन्होंने नॉनवेज खान छोड़ा और फिर लहसुनप्याज, शराब जैसी चीजों से भी दूरी बना ली। उन्होंने बताया कि भक्ति की ओर उनका झुकाव बढ़ता गया और उन्होंने वृंदावन बुलाने की प्रार्थना शुरू कर दी।
प्रेमानंद महाराज के सपने से बदली जिंदगी
आना ने बताया कि एक बार उन्हें अपने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज का सपना आया, जिसमें उन्हें लगातार भगवान के नाम का जाप करने का संदेश मिला। इस अनुभव ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी। इसके बाद उन्होंने वृंदावन जाकर दीक्षा ली और खुद को पूरी तरह कृष्ण भक्ति के मार्ग पर समर्पित कर दिया।
उनका मानना है कि श्रीकृष्ण के नाम के बिना मानव जीवन अधूरा है और सच्ची शांति केवल सत्संग और भक्ति में ही मिलती है। खास बात यह है कि इस पूरे निर्णय में उनके परिवार ने भी उनका पूरा साथ दिया और ग्लैमर की दुनिया छोड़कर भक्ति के मार्ग पर चलने के उनके फैसले का सम्मान किया।
💬 Comments (0)
Leave a Comment