अलवर से दिल्ली आया, घर में घुसा और फिर… पूर्व नौकर राहुल पर ही क्यों पुलिस को शक? IRS की बेटी की हत्या का आरोप

Delhi News: दिल्ली में एक सनसनीखेज मर्डर की वारदात ने हिलाकर रख दिया है. ये मर्डर भी किसी आम व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक IRS अधिकारी की बेटी है और वो भी उन्हीं के घर के अंदर. हत्या की इस वारदात को किसने अंजाम दिया, ये अभी तक साफ नहीं है, लेकिन शक IRS अधिकारी के घर पर काम कर चुके एक पूर्व नौकर राहुल पर है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले काम से निकाल दिया गया था. वारदात के बाद से माता-पिता सदमे में हैं. वहीं पुलिस राहुल की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है.

अलवर का रहने वाला पूर्व नौकर राहुल

पूर्व नौकर राहुल राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है. बुधवार को जब दिल्ली पुलिस की एक टीम राहुल के घर पहुंची तो उसके बारे में कई चौंकाने वाली जानकारी पुलिस को मिली. ग्रामीणों ने बताया कि राहुल ने कल यानी मंगलवार को भी अपने इलाके में एक छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया था. इसके बाद रात में राहुल सीधे दिल्ली आ गया. चूंकि अभी राहुल को डेढ़ महीने पहले ही IRS अधिकारी ने कैलाश हिल्स स्थित अपने घर से निकाला था तो वह फिर यहीं आ गया.

ये भी पढ़ें- Murder In Delhi: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी का घर में मर्डर, रेप की भी आशंका नौकर पर शक

जानकारी के मुताबिक, IRS अधिकारी के घर शुरुआती जांच में पुलिस को कोई फोर्स एंट्री नहीं मिली. घर में काम करने वाले नौकरों के लिए एक चाभी बाहर रखी रहती थी, जिससे वह लॉक खोलकर घर के अंदर आ-जा सकते हैं. राहुल को पता था कि चाभी कहां रहती है. आशंका है कि राहुल ने उसी चाभी का इस्तेमाल कर घर के अंदर एंट्री की. फिर IRS की बेटी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया होगा.

युवती के साथ रेप भी किया गया!

बता दें कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित कैलाश हिल्स में IRS अधिकारी का आवास है. यहां बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही ये साफ हो पाएगा.

घर से मिला शव, गला घोंटकर हत्या की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवती का शव उसके घर से बरामद हुआ. जांच के दौरान सामने आया कि मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या की गई. फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए. हत्या के इस हाई प्रोफाइल केस में शक की सुई घर के एक पूर्व नौकर राहुल की ओर घूम रही है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था.

वारदात के समय घर पर नहीं थे माता-पिता

पुलिस को शक है कि राहुल ने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया होगा. जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त युवती के माता-पिता सुबह जिम गए हुए थे. इसी दौरान आरोपी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रही थी.

जांच जारी, आरोपी की तलाश तेज

फिलहाल दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. राहुल की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. साथ ही आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.