पीड़ित ने बताया कि उसने सिर्फ टूटी हुई सड़क को लेकर मजाक किया था। इस पर दुकानदार भड़क गया और उसने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके तीन दांत टूट गए।

Amit singh- India TV Hindi

उत्तर प्रदेश के कानपुर में टूटी सड़क को लेकर किया गया मजाक एक युवक को भारी पड़ गया। नाराज दुकानदार ने दूध लेने आए युवक को दुकान के अंदर खींचकर बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसके तीन दांत टूट गए। घटना के बाद पीड़ित युवक हाथ में टूटे दांत लेकर सीधे थाने पहुंच गया। इस दौरान युवक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

घटना रावतपुर थाना क्षेत्र के शारदा नगर की है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार शारदा नगर निवासी निजी कर्मी अमित सिंह रविवार शाम पड़ोस में स्थित भदौरिया जनरल स्टोर पर दूध लेने गए थे। दुकान के पास लंबे समय से सड़क टूटी हुई है। इसी को लेकर अमित ने दुकानदार संजय सिंह भदौरिया से मजाक में पूछ लिया कि क्या सड़क बनने जा रही है। आरोप है कि इसी बात पर दुकानदार आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा।

दुकान के अंदर खींचकर पीटा

पीड़ित के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने उसे दुकान के अंदर खींच लिया, जहां संजय भदौरिया और उसके बेटे सौरभ ने मिलकर डंडों से मारपीट की। हमले में अमित के तीन दांत टूट गए और वह घायल हो गया। घटना के बाद अमित हाथ में टूटे दांत लेकर रावतपुर थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच देर शाम आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

टूटे दांत हाथ में देकर मारा ताना

पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपी ने टूटे हुए दांत अमित के हाथ में थमा दिए और ताना मारते हुए कहा, “लो, सड़क बन गई। अब FIR करा लो!” अमित ने तुरंत 112 डायल किया। पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों पक्षों को रावतपुर थाने ले गई। अमित ने लिखित शिकायत दी और वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वह थाने में अपने टूटे दांत दिखा रहे हैं।