Deoria road accident: उत्तर प्रदेश के देवरिया में दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई. ये हादसा उसकी शादी के दिन हुआ. ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. जिस शादी की खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम पसर गया. इस घटना से परिजन सदमे में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

गौरकोठी गांव की रहने वाली युवती की शादी तय थी और मंगलवार को ही बारात आने वाली थी. परिवार में उत्सव का माहौल था, रिश्तेदारों का आनाजाना लगा हुआ था और शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं. इसी बीच युवती तैयार होने के लिए पास के एक ब्यूटी पार्लर जा रही थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा.
ट्रेलर की चपेट में आई युवती
बताया जा रहा है कि जैसे ही युवती बरियारपुर चौराहे के पास सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. अपनी बेटी को इस हालत में देखकर परिजन बेसुध हो गए और वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं. जिस घर में कुछ ही घंटों बाद बारात का स्वागत होना था, वहां अब मातम का माहौल छा गया.
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर जुटने लगे. हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है और परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा है. इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
💬 Comments (0)
Leave a Comment