Fazilka News: पंजाब के फाजिल्का से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसे पढ़कर आप भी दंग रह जाएंगे. यहां एक शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दूल्हा और दुल्हन सात फेरे ले चुके थे और विदाई की तैयारी चल रही थी. ऐन वक्त पर दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस लेकर मंडप में पहुंच गई. अपनी पोल खुलती देख दूल्हा शेरवानी पहने ही दीवार फांदकर फरार हो गया.
मामला फाजिल्का के एक गाँव का है, जहाँ जसविंदर सिंह नाम का युवक बड़ी धूमधाम से दूसरी शादी रचा रहा था.

वरमाला पहनाई, मंडप पर 7 फेरे भी लिए… फिर ऐसा क्या हुआ, विदाई से पहले दीवार फांदकर भाग गया दूल्हा
वरमाला पहनाई, मंडप पर 7 फेरे भी लिए… फिर ऐसा क्या हुआ, विदाई से पहले दीवार फांदकर भाग गया दूल्हा

शादी की लगभग सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं. वरमाला के बाद दूल्हादुल्हन ने अग्नि के सामने सात फेरे भी ले लिए थे. दुल्हन के घरवाले विदाई की तैयारी में जुटे थे, तभी अचानक जसविंदर की पहली पत्नी जसवंत कौर पुलिस बल के साथ वहां आ धमकी.

9 साल का रिश्ता और एक बच्ची, फिर भी दिया धोखा

जसवंत कौर ने बताया कि उसके पहले पति की मौत के बाद 2017 में उसने जसविंदर सिंह के साथ कोर्ट मैरिज की थी. दोनों पिछले 9 वर्षों से साथ रह रहे थे और उनकी एक बेटी भी है. जसविंदर उसे जलालाबाद में रखे हुए था, लेकिन कभी अपने पैतृक घर मौजे वाला नहीं ले गया. वह हमेशा घर ले जाने के नाम पर बहाने बनाता रहा. करीब एक साल पहले वह जसवंत को छोड़कर गायब हो गया था.

खुद की फोटो भेजकर फंसा दूल्हा

हैरानी की बात यह है कि जसविंदर ने खुद ही अपनी दूल्हा बनी हुई फोटो जसवंत को भेज दी. उसे लगा होगा कि वह अब पकड़ा नहीं जाएगा, लेकिन यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई. फोटो मिलते ही जसवंत ने उसे ट्रैक किया और पुलिस के साथ सीधे शादी वाले घर पहुंच गई. पुलिस को देखते ही दूल्हा जसविंदर और उसके सभी बाराती मौके से रफूचक्कर हो गए. दूल्हा तो इतना डरा हुआ था कि वह दीवार फांदकर भाग निकला.

नशेड़ी और अपराधी निकला दूल्हा

पहली पत्नी का आरोप है कि जसविंदर सिंह न केवल धोखेबाज है, बल्कि वह नशे का आदी भी है. उस पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. जसवंत के मुताबिक, उसे जसविंदर के आपराधिक इतिहास की जानकारी काफी बाद में मिली थी.

दुल्हन के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस धोखे के बाद दुल्हन के पिता दलीप सिंह पूरी तरह टूट चुके हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए करीब 5 लाख रुपये खर्च किए थे. दहेज का सामान भी दूल्हे के घर भिजवाया जा चुका था. उन्होंने बिचौलियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने लड़के को ‘शरीफ’ बताकर उनके साथ बड़ा फ्रॉड किया है. बिचौलियों ने पूर्व संबंधों की बात को मामूली बताकर छिपा लिया था.

पुलिस की कार्रवाई

मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर हरभजन सिंह ने बताया कि पहली पत्नी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. दूल्हा और उसके साथी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि न केवल दूल्हे, बल्कि इस साजिश में शामिल बिचौलियों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.