शेयर बाजार में पिछले हफ्ते भले ही कोई ज्यादा तेजी ना देखने को मिली हो, लेकिन देश की चार दिग्गजों ने अपनी ताकत का पूरी तरह से अहसास करा दिया. इन चारों ने शेयर बाजार में संयुक्त रूप से 2.20 लाख करोड़ रुपए की कमाई कर डाली. खास बात तो ये है कि देश की सबसे बड़ा कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा फायदा हुआ और अपनी वैल्यूएशन में करीब 1.40 लाख करोड़ रुपए जोड़ लिए. जोकि कुल चारों कंपनियों की कुल कमाई का 50 फीसदी से भी ज्यादा है.

शेयर बाजार के 4 दिग्गजों ने दिखाई ताकत, चार दिन में कमा डाले 2.20 लाख करोड़
शेयर बाजार के 4 दिग्गजों ने दिखाई ताकत, चार दिन में कमा डाले 2.20 लाख करोड़

रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलावा भारती एयरटेल, टीसीएस और देश का सबसे बड़ा एनबीएफसी बजाज फाइनेंस के मार्केट कैप में इजाफा देखने को मिला. वहीं इसके विपरीत 6 कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. वहीं देश के सबसे बड़े प्राइवेट लेंडर एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एलआईसी अैर आईसीआईसीआई बैंक के मार्केट कैप से कुल 1.24 लाख करोड़ रुपए साफ हो गए. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की किस कंपनी के मार्केट में कितना इजाफा देखने को मिला है.

किस कंपनी के मार्केट कैप में कितना हुआ इजाफा

  1. देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यू में 1,39,655.8 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ, जिससे उसकी मार्केट वैल्यू बढ़कर 19,36,303.30 करोड़ रुपए हो गई.
  2. देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में से एक भारती एयरटेल की वैल्यू 43,503.51 करोड़ रुपए बढ़कर 11,49,222.13 करोड़ रुपए हो गई.
  3. देश की सबसे बड़ी आईटी कंपली टीसीएस की मार्केट वैल्यू 27,569.83 करोड़ रुपए बढ़कर 8,94,933.95 करोड़ रुपए हो गई और
  4. देश की सबसे बड़ी एनबीएफसी बजाज फाइनेंस की वैल्यू 9,432.32 करोड़ रुपए बढ़कर 5,83,123.13 करोड़ रुपए हो गई.
  5. देश का दूसरा सबसे बड़ा प्रावइेट लेंडर आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन 45,364.62 करोड़ रुपए घटकर 9,04,980.78 करोड़ रुपए रह गया.
  6. देश सबसे बड़ा सरकारी लेंडर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मूल्यांकन 30,922.57 करोड़ रुपए घटकर 9,85,829.96 रुपए करोड़ हो गया.
  7. देश का सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 20,951.31 करोड़ रुपये घटकर 11,87,274.17 रुपए करोड़ हो गया.
  8. देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 18,420.79 करोड़ रुपये घटकर 5,28,799.01 करोड़ रुपए हो गया.
  9. देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का मूल्यांकन 8,222.49 करोड़ रुपए घटकर 5,04,798.07 रुपए करोड़ हो गया.
  10. देश की सबसे बड़ी इंफ्रा कंपनी लार्सन एंड टुब्रो का मूल्यांकन 178.83 करोड़ रुपए घटकर 5,51,993.05 करोड़ रुपए हो गया.

क्या कहते हैं जानकार?

पिछले हफ्ते, BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 249.29 पॉइंट या 0.32 परसेंट ऊपर चढ़ा. रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के एसवीपी, रिसर्च, अजीत मिश्रा ने कहा कि बाजार ने हफ्ते का अंत मामूली बढ़त के साथ किया, जो मिलेजुले ग्लोबल और घरेलू संकेतों के बीच एक अस्थिर और सीमित दायरे वाले ट्रेडिंग माहौल को दिखाता है. उन्होंने कहा कि हफ्ते की शुरुआत पॉजिटिव नोट पर हुई, जिसे भूराजनीतिक तनाव में कमी और चौथी तिमाही की कमाई में लगातार हो रही प्रगति से सहारा मिला, जिससे शुरुआती सेंटीमेंट को बढ़ावा मिला.

हालांकि, मिश्रा ने आगे कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, एशियाई बाज़ारों से कमज़ोर संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों के लगातार बाहर जाने की वजह से बढ़त धीरेधीरे सीमित हो गई. रिलायंस इंडस्ट्रीज़ सबसे ज्यादा मूल्यवान घरेलू कंपनी बनी रही, जिसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फ़ाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा.