Adani Ports and Special Economic Zone ने मार्च तिमाही में मजबूत प्रदर्शन करते हुए मुनाफे और रेवेन्यू दोनों मोर्चों पर शानदार ग्रोथ दर्ज की है. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 10% बढ़ा, जबकि रेवेन्यू में 26% का उछाल देखने को मिला. लॉजिस्टिक्स और मरीन बिजनेस की तेज बढ़त के साथ कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष में भी दमदार नतीजे पेश किए हैं, जो उसके विस्तार और मजबूत ऑपरेशन को दर्शाते हैं.

Adani Ports Q4 Results: अडानी पोर्ट को हुआ शानदार मुनाफा, क्या अब भागेगा कंपनी का शेयर?
Adani Ports Q4 Results: अडानी पोर्ट को हुआ शानदार मुनाफा, क्या अब भागेगा कंपनी का शेयर?

भारत की सबसे बड़ी पोर्ट ऑपरेटर कंपनी Adani Ports and Special Economic Zone ने मार्च 2026 तिमाही के नतीजों में शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 10% बढ़कर 3,329 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 3,014 करोड़ रुपये था. रेवेन्यू के मोर्चे पर भी कंपनी ने जोरदार उछाल दिखाया है. Q4 में कंपनी की कुल आय 26% बढ़कर 10,737 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले साल 8,488 करोड़ रुपये थी. मजबूत ऑपरेशनल परफॉर्मेंस और बढ़ते कार्गो वॉल्यूम ने इस ग्रोथ को सपोर्ट किया.

कंपनी का EBITDA भी 20% बढ़कर करीब 6,000 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया, जबकि EBITDA मार्जिन में भी सुधार देखा गया. पूरे वित्त वर्ष FY26 की बात करें तो कंपनी का मुनाफा 16% बढ़कर 12,782 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, सालाना रेवेन्यू 25% की बढ़त के साथ 38,736 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर कंपनी ने FY26 में 500 मिलियन मीट्रिक टन से ज्यादा पोर्ट कार्गो हैंडल किया, जो किसी भी भारतीय इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर के लिए पहली बार है.

लॉजिस्टिक्स सेगमेंट में हुई ग्रोथ

बिजनेस सेगमेंट के हिसाब से देखें तो लॉजिस्टिक्स सेगमेंट में 55% की तेज ग्रोथ दर्ज की गई, जिसमें ट्रकिंग और इंटरनेशनल फ्रेट नेटवर्क का बड़ा योगदान रहा. वहीं मरीन बिजनेस में 134% की जबरदस्त वृद्धि हुई, जो बढ़ते वेसल काउंट और ऑपरेशंस के विस्तार से संभव हो पाई. इंटरनेशनल पोर्ट्स का रेवेन्यू 34% बढ़ा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया और कोलंबो प्रोजेक्ट्स का योगदान रहा. वहीं डोमेस्टिक पोर्ट्स ने भी 13% की स्थिर ग्रोथ दर्ज की.

कंपनी के बोर्ड ने FY26 के लिए 7.50 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने की सिफारिश की है और इसके लिए 12 जून को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. कंपनी के CEO अश्विनी गुप्ता के अनुसार, वैश्विक चुनौतियों और टैरिफ अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य 2030 तक 1 बिलियन टन कार्गो हैंडल करना और FY31 तक रेवेन्यू और EBITDA को दोगुना करना है.

कंपनी के शेयर का हाल

अडानी पोर्ट के शेयरों में आज 30 अप्रैल 2026 को उछाल देखने को मिला. रिजल्ट के बाद Adani Ports and Special Economic Zone Ld का शेयर करीब 0.87 फीसदी की तेजी के साथ करीब 1675 रुपये पर बंद हुआ. आने वाले दिनों में भी कंपनी के शेयरों में उछाल देखने को मिल रहा है क्योंकि कंपनी का रिजल्ट इस तिमाही में शानदार रहा है.