हिमाचली खबर: Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी को बदनाम करने के लिए AI तकनीक का सहारा लेकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया. पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

तलाक के बीच पति ने कर डाली ऐसी गंदी हरकत, सबूत लेकर थाने पहुंच गई पत्नी… आपबीती सुन पुलिस भी सन्न, FIR दर्ज​
तलाक के बीच पति ने कर डाली ऐसी गंदी हरकत, सबूत लेकर थाने पहुंच गई पत्नी… आपबीती सुन पुलिस भी सन्न, FIR दर्ज​

जानकारी के अनुसार, महिला का विवाह वर्ष 2013 में हुआ था. पिछले काफी समय से पतिपत्नी के बीच अनबन चल रही थी. विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया और पिछले दो महीनों से न्यायालय में उनके तलाक का केस विचाराधीन है. इसी कानूनी लड़ाई के बीच पति ने बदला लेने की नीयत से इस शर्मनाक करतूत को अंजाम दिया.

इंस्टाग्राम पर वीडियो देख उड़ गए होश

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 10 मई की सुबह जब उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट खोला, तो वह दंग रह गई. उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर AI तकनीक के जरिए अश्लील वीडियो तैयार किए गए थे और उन्हें पोस्ट किया गया था. जब महिला ने गहराई से जांच की, तो पता चला कि ये वीडियो उसके पति की ही इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड किए गए हैं.

बदनाम करने के लिए रची साजिश

महिला का आरोप है कि पति ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और समाज में उसकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से यह घिनौना कृत्य किया है. हालांकि, शाम तक आरोपी ने वीडियो डिलीट कर दिया था, लेकिन तब तक पीड़िता ने वीडियो के स्क्रीनशॉट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए थे, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है.

आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोतवाली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 77, 79, 356 और आईटी एक्ट की धारा 66 ई व 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अब सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल फुटप्रिंट्स की बारीकी से जांच कर रही है. तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जा सके.