यश की बहुचर्चित फिल्म Toxic एक बार फिर पोस्टपोन हो गई है। पहले यह फिल्म 4 जून को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है। मेकर्स ने कहा है कि फिल्म को अब एक ग्लोबली अलाइन्ड रिलीज़ डेट पर दुनिया भर में एक साथ रिलीज़ किया जाएगा।

यश ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए इस देरी की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि Toxic सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक सिनेमाई अनुभव है, जिसने उन्हें फिर से सिनेमा से प्यार करवाया है।
हालांकि Deccan Herald की एक रिपोर्ट में देरी की अलग वजहें सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के मेकर्स अब तक इसके ओटीटी राइट्स बेचने में सफल नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा, फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट भी नहीं मिला है।
कुछ समय पहले ऐसी चर्चा तेज थी कि Yash इस फिल्म को Netflix को एक बड़ी डील में बेचना चाहते थे। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि मेकर्स करीब 300 करोड़ रुपये की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन प्लेटफॉर्म की तरफ से लगभग 100 करोड़ रुपये का ऑफर ही दिया गया, वो भी कुछ शर्तों के साथ। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर फिल्म की रिलीज़ टलने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब सच साबित हुई हैं।
इसी बीच कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म अपनी अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी नहीं उतर पाई है। कई हिस्सों को दोबारा शूट किया गया और कई बदलाव किए गए, लेकिन बावजूद इसके फाइनल रिजल्ट वैसा नहीं बन सका जैसा मेकर्स चाहते थे। यहां तक कि जिन लोगों ने फिल्म का रफ कट देखा है, वे भी इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं बताए जा रहे।
बताया जा रहा है कि इन्हीं कारणों से फिल्म को खरीदार ढूंढने में मुश्किल हो रही है और मेकर्स फिलहाल इसके प्रति पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। ऐसे में फिल्म को एक बार फिर पोस्टपोन करने का फैसला लिया गया है। फिलहाल नई रिलीज़ डेट की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार मेकर्स इसे अगस्त में रिलीज़ करने की योजना बना रहे हैं।
यश ने लिखा है फिल्म पूरी है, लेकिन ग्लोबल स्ट्रैटेजी जरूरी’
यश ने कहा है फिल्म पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसकी इंटरनेशनल रिलीज़ और डिस्ट्रीब्यूशन को बेहतर तरीके से प्लान करने के लिए समय लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य फिल्म को ज्यादा से ज्यादा ग्लोबल ऑडियंस तक सही तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने लिखा, ”हमने तय किया है कि फिल्म को अभी रिलीज़ नहीं करेंगे और इसे सही समय पर ग्लोबली लॉन्च करेंगे ताकि इसका पूरा असर दुनिया भर में महसूस किया जा सके।”
भारतीय सिनेमा के लिए जिम्मेदारी यश
यश ने यह भी कहा कि आज जब भारतीय सिनेमा ग्लोबल स्टेज पर अपनी पहचान बना रहा है, ऐसे में मेकर्स की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे क्वालिटी और इम्पैक्ट दोनों पर फोकस करें।
फिल्म की खास बातें
Toxic को गीथू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है और यह एक गैंगस्टर ड्रामा होने के साथसाथ साइकोलॉजिकल लेयर्स भी दिखाती है। यश ने बताया कि यह फिल्म सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मानव व्यवहार और मनोविज्ञान की गहराई भी दिखाई जाएगी।
फिल्म में पहली बार कुछ सीन्स इंग्लिश में भी शूट किए गए हैं और इसे एक पैनइंडिया ही नहीं बल्कि पैनग्लोबल प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है।
स्टार कास्ट और विवाद
फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार शामिल हैं।
टीज़र रिलीज़ के बाद फिल्म को लेकर विवाद भी हुआ था, जिसमें कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई गई थी।
पहले भी हो चुकी है देरी
यह पहली बार नहीं है जब फिल्म की रिलीज़ टली है। पहले यह 19 मार्च और फिर 4 जून को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन अब नई तारीख का इंतज़ार है।
यश ने फैंस से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि यह इंतज़ार एक यादगार सिनेमाई अनुभव के लिए होगा।
💬 Comments (0)
Leave a Comment